
बोला, डीआईओएस और एडी बेसिक के कहने पर ले रहा था घूस
शहर कोतवाली पुलिस केस दर्ज कर जांच करने में जुट गयी है
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
सीओ लालगंज के आफिस में विवेचना से नाम निकालने के को दले में घूस लेते हुए हेडकांस्टेबल और होमगार्ड की गिरफ्तारी का मामला अभी शांत भी नहीं हो पाया कि सोमवार को एंटी करप्शन टीम के हत्थे एडी बेसिक कार्यालय का बाबू लग गया। वह मान्यता दिलाने के नाम पर एक लाख, तीस हजार रुपये का घूस ले रहा था। एंटी करप्शन टीम ने शहर कोतवाली में इस संबंध में केस दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना अंतर्गत महरो गांव निवासी राजीव कुमार सिंह विद्यालय संचालक है। कक्षा छह से आठ तक की मान्यता के लिए वे एडी बेसिक कार्यालय का चक्कर लगा रहे थे। इस दौरान आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित एडी बेसिक कार्यालय का लिपिक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने उससे मान्यता दिलाने के नाम पर एक लाख, तीस हजार रुपये की डिमांड किया। जिस पर राजीव कुमार सिंह ने एंटी करप्शन टीम आजमगढ़ से संपर्क किया। टीम ने योजना बनाई और सोमवार कएडी बेसिक कार्यालय पहुंच गई। जहां राजीव कुमार सिंह ने मान्यता के लिए हुए डिमांड के तहत एक लाख, तीस हजार रुपये लिपिक मनोज कुमार श्रीवास्तव को दिया और टीम ने मौके से ही रंगेहाथ लिपिक को पकड़ लिया। भ्रष्टाचार निवारण टीम उसे लेकर शहर कोतवाली पहुंची। जहां पूछताछ के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई शुरू की गई। पूछताछ में पकड़ा गया लिपिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वह यह पैसा एडी बेसिक/डीआईओएस मनोज कुमार मिश्रा के कहने पर लिया था। भ्रष्टाचार निवारण टीम ने आरोपी के बयान के आधार पर शहर कोतवाली में उसके व विभागीय अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।
