
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
सांसद, आजमगढ़/अध्यक्ष दिनेश लाल यादव ‘‘निरहुआ’’ की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। जिसमें सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों का शत प्रतिशत अनुपालन करें।
उन्होंने कहा कि जिस बिंदु पर चर्चा की गई, उसे गंभीरता से संज्ञान में लेकर कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। अधिकारीगण अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करते हुए जनता से संबंधित समस्याओं का निस्तारण समय से सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों के लिए जारी की गई धनराशि के सापेक्ष निर्माण कार्य शत प्रतिशत सुनिश्चित करायें। सांसद ने जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के अन्तर्गत कराए जा रहे रोड कटिंग एवं पाइप डालने आदि कार्यों को सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप कराने एवं मिट्टी भराई को गुणवत्ता युक्त करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत सप्लाई करने एवं ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, जर्जर विद्युत पोल एवं केबल को बदलने आदि की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अध्यक्ष/सह अध्यक्ष एवं सदस्यगणों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, सर्व शिक्षा अभियान/मिड डे मिल, स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय/ग्रामीण), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समेकित बाल विकास योजना, दीन दयाल अन्त्योदय योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दीन दयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी/ग्रामीण), दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मनरेगा, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एकीकृत विद्युत विकास योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, पीएमकेएसवाई, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर सांसद संगीता आजाद, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, विधायक निजामाबाद आलमबदी, विधायक अतरौलिया डॉ. संग्राम यादव, विधायक मुबारकपुर अखिलेश यादव, विधायक मेंहनगर पूजा सरोज, डीएम विशाल भारद्वाज, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
