
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही नहर की पटरी पर बुधवार भोर पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक तस्कर घायल हो गया, जबकि उसके साथी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट का चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों पेशेवर पशु तस्कर हैं और उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार व पश्चिम बंगाल तक प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते हैं।
सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में मेरठ जिले के वीरपुरी थाना क्षेत्र के तारापुरी खुशहाल नगर निवासी शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित पुत्र मोहम्मद तौफीक तथा रामपुर जिले के अजीम नगर थाना क्षेत्र के नांगलिया अकील निवासी मुस्तफा रजा पुत्र मोहम्मद सलीम शामिल हैं।
सीओ ने बताया कि बुधवार भोर में जहानागंज थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पशु तस्कर चार पहिया वाहन से भुजही नहर की ओर से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंदे बगीचा के पास भुजही नहर की पटरी पर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद एक चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शोएब के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं पुलिस ने उसके साथी मुस्तफा रजा को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि दोनों प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी कर उन्हें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार और पश्चिम बंगाल तक पहुंचाते थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
सीओ सदर ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ अलग-अलग थानों में 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
