
नरेंद्र बहादुर राय
बिलरियागंज।
एसएसपी आजमगढ़ डा. अनिल कुमार के आदेश पर थाना जीयनपुर की पुलिस क्षेत्र के अमुवारी नारायणपुर मार्ग के पास बुधवार की सुबह संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान दो मोटर साइकल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति रफ्तार के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस ने उनको बाइक रोकने का इशारा किया तो वे रुकने के बजाय रफ्तार तेज कर बाइक से भागने लगे। भागते समय बाइक फिसल जाने से वे गिर गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए घेरा बंदी किया तो वे अपने को घिरा देख पुलिस को टारगेट कर फायर करने लगे। पुलिस ने भी आत्म रक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई।जिससे ठग गिरोह का अंतर्जनपदीय सरगना अमित साहनी निवासी मलाह टोली वार्ड नंबर 2 नगर पंचायत/थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीम ने घायल अमित साहनी समेत अन्य साथी ठगों शिवा साहनी तथा सुनील साहनी निवासीगण मलाह टोली वार्ड नंबर 2 नगर पंचायत व थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया को पकड़ लिया। घायल अमित साहनी को इलाज हेतु सदर अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया गया है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि अमित साहनी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 6, शिवा साहनी के खिलाफ 5 तथा सुनील साहनी के खिलाफ 7 मुकदमे विभिन्न संगीन धाराओं में दर्ज हैं। यह भी बताया गया कि ठगों का नेटवर्क काफी दूर तक फैला हुआ है। इनके ग्रुप के सदस्य पहले विभिन्न बैंकों में पैसा जमा करने या निकालने आए लोगों की रेकी करते थे। फिर पैसा अधिक देने का लालच देकर उनको विश्वास में लेने के बाद रुपए की ठगी करते हुए कागज की गड्डी थमाकर असली रुपये लेकर भाग जाते हैं।
