दैनिक भारत न्यूज

वाराणसी।
प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से कूटरचित रैपर तैयार कर उनमें नकली दवाएं भरकर वाराणसी और बिहार में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ उत्तर प्रदेश और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। उसे 18 नवंबर की रात करीब 8:50 बजे चितईपुर थाना क्षेत्र के कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में द लर्निंग प्वाइंट कोचिंग के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभिषेक सिंह उर्फ रवि पुत्र बजरंगी सिंह मूल रूप से ग्राम राधा खां, पोस्ट भगवानपुर, जिला कैमूर (बिहार) का निवासी है। उसका एक अन्य पता न्यू बस्ती, परासी, अनपरा, तहसील दुद्धी, सोनभद्र है। वर्तमान में वह अंबे लेन, कर्दमेश्वरपुरम, थाना चितईपुर, वाराणसी में रह रहा था।
एसटीएफ के अनुसार, 30 अक्टूबर को एफएसडीए की टीम ने वाराणसी के थाना सारनाथ क्षेत्र के कुरौना गांव में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में संदिग्ध नकली दवाएं बरामद की थीं। इसके बाद दो नवंबर को रोहनिया थाना क्षेत्र के परमआनंदपुर स्थित एक आवास से Shelcal-500, Clavam-625, Zerodol-SP, Nurokind-LC, Pantop-40 समेत कई चर्चित ब्रांडों की संदिग्ध दवाएं मिली थीं। दवाओं की स्ट्रिप पर वर्तनी और प्रिंटिंग की गंभीर गलतियां पाई गई थीं। संबंधित निर्माता कंपनियों ने जांच के बाद नमूनों को नकली घोषित किया था।
इस मामले में रोहनिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0374/2026 दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अभिषेक सिंह का नाम गिरोह के सरगना के रूप में सामने आया। इसके बाद एसटीएफ को उसकी गिरफ्तारी और नकली दवाएं तैयार करने वाली फैक्ट्री का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से नकली दवाएं खरीदता था। वह व्यक्ति सोलन और बद्दी (हिमाचल प्रदेश) में प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से नकली स्ट्रिप तैयार करवाकर उनमें मशीन से नकली दवाओं की पैकिंग कराता था। इसके बाद दवाएं बद्दी से कोरियर के माध्यम से वाराणसी के लहरतारा स्थित कोरियर कार्यालयों पर मंगाई जाती थीं।
यहां से दवाओं को उसके साथी सुरेंद्र नाथ मिश्रा के आवास और रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में रखा जाता था। इसके बाद वाराणसी के मेडिकल स्टोरों के अलावा बिहार के मोहनिया, भभुआ और सासाराम सहित कई स्थानों पर बसों के माध्यम से नकली दवाओं की सप्लाई की जाती थी। गिरोह के सदस्य जांगी एप पर फर्जी नामों से बनाए गए खातों के जरिए बातचीत करते थे और भुगतान नकद तथा बैंक खातों के माध्यम से किया जाता था।
एसटीएफ के मुताबिक, वर्ष 2023 में भी अभिषेक सिंह के गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नकली दवाएं बरामद की गई थीं। उस मामले में थाना सिगरा में मुकदमा दर्ज कर अभिषेक के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी को रोहनिया थाने के मुकदमे में दाखिल कर स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *