आशीष तिवारी

आजमगढ़।
मारपीट के मामले में सुलह समझौता होने के बाद भी मेहनगर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले के रहस्य से पर्दा तब उठा, जब हत्या के प्रयास और दलित उत्पीड़न एक्ट के तहत पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पर बैठा लिया। दर्ज मुकदमे में पुलिस ने जिस युवक को वादी बनाई है, अब वही युवक पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर मुकदमा खत्म करने के लिए प्रार्थना पत्र दे रहा है।
पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने वाला उमाशंकर राम मेहनगर थाने के करौती गांव का निवासी है। उमाशंकर के मुताबिक वह 10 नवंबर को गांव में आयोजित मेला देखने गया था। वहीं पर गांव के ही राजन सोनकर, सुहेल और अनुराग के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस दौरान किसी ने सांप्रदायिक विवाद की सूचना पुलिस कंट्रोल रुम में दे दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के चार लोगों को लेकर थाने चली आई। जहां 11 नवंबर को थानाध्यक्ष की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने सुलह कर लिया।
उमाशंकर राम के मुताबिक थाने से घर जाते समय पुलिसवालों ने एक कागज पर हस्ताक्षर बनवाए और वह घर चला आया। उसका आरोप है कि 11 नवंबर की देर शाम को ही पुलिस ने जिन युवकों से विवाद हुआ था। उनमें से दो लोगों को हिरासत लेकर थाने चली आई, जहां वे दोनों बैठाए गए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष से पूछने पर पता चला कि इस मामले में हत्या के प्रयास और दलित उत्पीड़न एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। ऐसे में उमाशंकर की तरफ से 12 नवंबर को सीओ लालगंज से मिलकर शपथ पत्र दिया गया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहता है। यही प्रार्थना पत्र 13 नवंबर को उमाशंकर ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर उन्हें दिया। उमाशंकर का आरोप है कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। इस संबंध में एसओ मेहनगर अभिराज सरोज ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में कई बार मारपीट कर चुके हैं। जिसको ध्यान में रखते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *