
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला मरीजों और उनके साथ आने वाले शिशुओं की सुविधा के लिए नवनिर्मित स्तनपान कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कक्ष की स्थापना से माताओं को निजता और सुरक्षित वातावरण में अपने शिशुओं को स्तनपान कराने की सुविधा मिलेगी।
सीएमएस डॉ. विनय कुमार सिंह ने कहा कि महिला मरीजों की सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना चिकित्सालय की प्राथमिकता है। स्तनपान कक्ष शुरू होने से प्रसूताओं एवं उनके साथ आने वाली माताओं को अब अस्पताल में शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए सुविधाजनक और सुरक्षित स्थान मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं के साथ स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डॉ. मौर्य ने इमरजेंसी वार्ड, लेबर रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर उपचार, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने एनसीटी (नॉन-स्ट्रेस टेस्ट) मशीन से गर्भवती महिला की हो रही जांच प्रक्रिया को भी देखा। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच बेहद जरूरी है, इससे मां और शिशु के स्वास्थ्य की स्थिति की समय से जानकारी मिलती रहती है। उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत शासन के निर्देशों के अनुसार व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
चिकित्सालय में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण देखकर डॉ. मौर्य ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके कार्य की सराहना की जानी चाहिए।
