आशीष तिवारी

आजमगढ़।
पाकिस्तान के दसवें राष्ट्रपति रहे जनरल परवेज मुशर्रफ की बागपत जिले में मौजूद करीब दो हेक्टेयर जमीन की गुरुवार को नीलामी की गयी। पाक के पूर्व राष्ट्रपति की यह जमीन 1.38 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीद ली गयी। यह जमीन कुल तीन लोगों ने मिलकर खरीदी है। इस जमीन के लिए भारत के कोने- कोने से लोग आनलाइन बोली लगा रहे थे।
फोन पर एएसपी बागपत नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पाक के पूर्व राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के कोताना गांव के रहने वाले थे। उनका घर बागपत जिले के बार्डर पर जमुना नदी के किनारे वाला गांव है। जमुना के दूसरी तरफ हरियाणा प्रदेश की सीमा लग जाती है। इनके पिता गांव से सन 1943 में दिल्ली गये। वहां से बंटवारा होने पर पाकिस्तान चले गये। परवेज मुशर्रफ साल 2001 से 2008 तक पाकिस्तान के दसवें राष्ट्रपति के तौर पर पाकिस्तान को चलाए थे। नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक पाक के पूर्व राष्ट्रपति की शेष संपत्तियों की नीलामी हो चुकी थी। यह दो हेक्टेयर जमीन बची हुई थी। इस पर लोग कब्जा कर लिए थे। गुरुवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा के नेतृत्व में उक्त जमीन की आनलाइन बोली लगाई गयी थी। जिसमें देश के कोने कोने से लोग बोली लगा रहे थे। राजस्व विभाग की तरफ से इस जमीन का 40 लाख रुपये कीमत होने का आंकलन किया गया था, लेकिन यह जमीन तीन अलग अलग लोगों ने मिलकर 1.38 करोड़ रुपये में खरीद लिया। यह सभी रकम उत्तर प्रदेश सरकार के राजकोष में जमा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *